बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 अगस्त। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति अम्बिकापुर द्वारा संचालित ‘अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट 2026’ का अंतर-विद्यालयीन आयोजन अंबुजा विद्यापीठ, रवान में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘हमारी ताक़त, हमारा परिवार’ रखा गया था।
इस स्पर्धा में क्षेत्र के 5 प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 5 से 8) और वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9 से 12) के बीच कड़ा और रोचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के परिणामों में मेजबान अंबुजा विद्यापीठ रवान का दबदबा रहा, वहीं डी.डब्ल्यू.पी.एस. के छात्रों ने भी वरिष्ठ वर्ग की कई विधाओं में बाजी मारी।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथियों विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय एवं आयोजन समिति द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, संस्कृति और नैतिक मूल्य ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का असली निर्माण करते हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ‘हमारा परिवार’ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हमें अपने संस्कारों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
स्पर्धा में जिला स्तर पर चयनित विजेता अब राज्य और आगे राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में शामिल होंगे। इस अवसर पर डॉ. विनोद शुक्ला, धनंजय कर्ष, धीरेन्द्र सिन्हा, बप्पादित्य, मितेश उपस्थित थे।