बलौदा बाजार

लवन-भाटापारा बायपास पर गड्ढे ही गड्ढे, ट्रकें फंसने से जाम, आवागमन प्रभावित
09-Aug-2026 7:55 PM
लवन-भाटापारा बायपास पर गड्ढे ही गड्ढे, ट्रकें फंसने से जाम, आवागमन प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन-भाटापारा बायपास मार्ग पर गड्ढों में ट्रकों के फंस जाने के कारण यातायात अवरुद्ध होने की समस्या सामने आई है। मार्ग पर आवागमन बाधित होने से भारी वाहनों सहित आम राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 लवन रोड चौक से भाटापारा बायपास मार्ग पर गड्ढों के कारण दो ट्रक एक साथ फंस गए। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी वाहनों के फंसने और यांत्रिक खराबी आने से मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस मार्ग से रोज सीमेंट संयंत्रों से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही होती है। मार्ग का पूर्ण नवीनीकरण न होने और केवल पेचवर्क किए जाने के कारण बारिश के बाद गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है।

मार्ग पर जाम के कारण कई घंटों से भारी वाहनों के चालक फंसे हुए हैं और दो पहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी धीमी पड़ी हुई है। स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से मार्ग पर पेचवर्क और मरम्मत कार्य तत्काल कराने की मांग की है ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।


अन्य पोस्ट