बलौदा बाजार

दावनबोड़ में सामुदायिक मध्यस्थता व विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
08-Aug-2026 6:32 PM
दावनबोड़ में सामुदायिक मध्यस्थता व विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 8 अगस्त। उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार एवं छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा संचालित ‘सामुदायिक मध्यस्थता पायलट परियोजना’   के अंतर्गत बलौदाबाजार जिले का चयन किया गया है। इस परियोजना के तहत चयनित ग्रामों में मध्यस्थता के माध्यम से सामाजिक व पारिवारिक विवादों के आपसी समाधान की पहल की जा रही है।

इसी क्रम में 6 अगस्त को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष विनीता वार्नर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक पाण्डेय द्वारा भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम दावनबोड़ में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को सामुदायिक मध्यस्थता की आवश्यकता, उद्देश्य एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक पाण्डेय ने कहा- विवाद मुक्त एवं सौहार्दपूर्ण गांव का निर्माण नागरिकों की सहभागिता से संभव है। सामुदायिक मध्यस्थता सामाजिक एकता, आपसी विश्वास एवं शांति स्थापित करने का माध्यम है।

उन्होंने ग्रामीणों से कानून का पालन करते हुए सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। शिविर में उपस्थित 80 से 100 ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कार्य करने की बात कही।

शिविर के दौरान नागरिकों को नि:शुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता की प्रक्रिया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

सामुदायिक मध्यस्थता पायलट परियोजना के तहत ग्राम दावनबोड़ से चयनित मध्यस्थों विष्णु प्रसाद वर्मा एवं गीता वर्मा ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया है। उन्हें प्रशिक्षण के उपरांत प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में दोनों मध्यस्थों ने भी ग्रामीणों को मध्यस्थता की प्रक्रिया और उसके प्रभावों के संबंध में जानकारी दी।


अन्य पोस्ट