बलौदा बाजार

मिसाल-ए-दोस्ती: सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बना ‘आदर्श मित्रता सम्मान समारोह’
07-Aug-2026 4:37 PM
मिसाल-ए-दोस्ती: सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बना ‘आदर्श मित्रता सम्मान समारोह’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा 7 अगस्त। रा
जधानी का विमतारा हॉल फ्रेंडशिप-डे पर एक अत्यंत भावुक और ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब ‘आदर्श मित्रता सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। फ्रेंडशिप डे के उपलक्ष्य में ‘सर्व आस्था मंच’ और ‘मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम’ ने ‘आदर्श मित्रता दिवस - एक जश्न-ए-मोहब्बत’ थीम पर प्रोग्राम किया। इसमें भाटापारा की पचास साल पुरानी मित्र मंडली को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू भाटापारा के मेन हिंदी स्कूल के 5वीं कक्षा (वर्ष 1976) के सहपाठियों का सम्मान रहा। यह 5 मित्रों की जोड़ी पिछले 50 वर्षों से हर दुख-सुख में एक साथ खड़ी है।राजेश नामदेव
जॉन राजेश पाल  आलोक मोदी  परमजीत सिंह छाबड़ा  डॉ. मंशाउर्रहमान खान  प्राथमिक शिक्षा के बाद इन सभी ने हाईस्कूल भाटापारा से अध्ययन किया और कॉलेज के बाद अलग-अलग पेशों में व्यस्त हो गए। इसके बावजूद इनकी आत्मीयता कभी कम नहीं हुई। भाटापारा में रहने वाले मित्र आज भी हर रविवार को नियम से आपस में मिलते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जॉन राजेश पाल और राजेश नामदेव ने दोस्ती की मजबूती के किस्से सुनाए।  इस अवसर पर प्रदेश के दूर-दराज हिस्सों से आए अन्य मित्र जैसे सुनील दुबे, विकास शर्मा, देवदत्त मिश्रा,सुधीर मिश्रा, दुर्गेश शुक्ला, दुर्गेश गुप्ता, शिव गुप्ता, देवदत्त मिश्रा, राजेश शुक्ला, गुरूमुख केशवानी, मुरली थारानी, कृष्ण कुमार मुकुंदन आदि भी शामिल हुए। कार्यक्रम में शहर की 10 चुनिंदा मित्र जोडिय़ों के संघर्ष और अटूट विश्वास की कहानियों को समेटते हुए एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन किया गया। इसमें मोहन सैमुएल, रिजवान अली और राजीव शर्मा की 64 वर्ष पुरानी त्रिकोणीय दोस्ती तथा आलोक मोदी एवं साथियों की 50 वर्ष पुरानी  दोस्ती को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
नवंबर में मनेगी स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) गत वर्ष आयोजित रियूनियन में जहाँ 45 पुराने मित्रों का ऐतिहासिक समागम हुआ था, वहीं नवंबर में अपनी ‘मित्रता की 50वीं वर्षगांठ’ को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। 
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्यों  को ‘चलो दोस्ती निभाएं, दिलों को मिलाएं’ का संकल्प दिलाया गया।
मंच पर विभिन्न धर्मों के प्रमुख गुरु और चिंतक एक साथ आसीन हुए।  इनमें स्वामी बृजनाथ आनंद विवेकानंद आश्रम, आर्च बिशप विक्टर हेनरी रायपुर आर्च डायसिस एवं नंदलाल प्रवक्ता, शदानी दरबार ने धार्मिक ग्रंथों का हवाला देते हुए कहा कि विपत्ति के समय सच्चा मित्र ही भाई से बढक़र ढाल बनता है।फादर सेबेस्टियन पी. सचिव, सर्व आस्था मंच) ने कहा,  ‘मोहब्बत से जुड़ी सच्ची दोस्ती ही वास्तव में इंसानियत की सबसे बड़ी खूबसूरती है।’ गिरीश पंकज वरिष्ठ पत्रकार, हसन अली पूर्व अध्यक्ष, उर्दू अकादमी, फैसल रिजवी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं डी.आर. महापात्रा ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सौहार्द में मित्रता की भूमिका पर प्रकाश डाला।


अन्य पोस्ट