बलौदा बाजार

नशे में हाईवे पर मासूम बच्चों को साथ लेकर युवक ने किया हंगामा
06-Aug-2026 8:06 PM
नशे में हाईवे पर मासूम बच्चों को साथ लेकर युवक ने किया हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 6 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन थाना परिसर के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम एक युवक तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों को साथ लेकर हंगामा करने लगा। समझाने पहुंचे परिचित से भी हाथापाई  की। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित दादी के सुपुर्द किया।        

 मिली जानकारी के अनुसार युवक पड़ोसियों से विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था, लेकिन वह अत्यधिक नशे की हालत में था। ग्राम जुड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर 112 की टीम युवक को लेकर लवन थाने पहुंची थी। पुलिस ने युवक को पहले बच्चों को सुरक्षित घर छोडऩे और नशा उतरने के बाद शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इससे नाराज युवक तीनों बच्चों को लेकर थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा हो गया और आने-जाने वाले वाहनों के सामने हंगामा करने लगा। इस दौरान उसने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। जिससे हाईवे के एक हिस्से में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई

पुलिसकर्मियों और उसके परिचितों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बताया जा रहा है कि समझाने पहुंचे एक परिचित के साथ युवक ने हाथापाई कर थप्पड़ भी मार दिया।

पुलिस मशक्कत के बाद पुलिस युवक को थाने लेकर आई। लेकिन वह अपने तीनों बच्चों को थाने में छोडक़र वहां से चला गया। इसके बाद पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए युवक की मां को गांव से बुलवाया और तीनों मासूम बच्चों को सुरक्षित उनकी दादी के सुपुर्द किया। पुलिस ने बच्चों को अपने वाहन से सुरक्षित ग्राम जुड़ा तक भी पहुंचाया।


अन्य पोस्ट