बलौदा बाजार

सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने डीईओ से की मुलाकात, समस्याओं पर चर्चा
06-Aug-2026 8:03 PM
सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने डीईओ से की मुलाकात, समस्याओं पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बलौदाबाजार के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी कुमार सिंह मरावी से सौजन्य भेंट कर शिक्षकों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष निम्न प्रमुख विषयों को प्रमुखता से रखा प्रधान पाठक पदोन्नति के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन के अनुरूप शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की मांग। छूटे हुए शिक्षकों की परीक्षा अनुमति शीघ्र जारी करने की मांग। जिले से संबंधित अन्य स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग। रसेड़ा संकुल समन्वयक संतोष कुमार सोनवानी द्वारा संकुल के अधीनस्थ विद्यालयों के पाठकान उपस्थिति पंजी में शिक्षकों को जबरन अनुपस्थित दर्ज किए जाने के संबंध में फेडरेशन द्वारा गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषी के विरुद्ध तीन दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

चर्चा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि रुकी हुई परीक्षा अनुमतियां शीघ्र जारी की जाएंगी तथा स्थानीय समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही रसेड़ा संकुल समन्वयक के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच कर तीन दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।

प्रधान पाठक पदोन्नति के संबंध में संबंधित अधिकारी मरावी ने बताया कि डीपीआई द्वारा जारी निर्देशों में कुछ बिंदुओं पर संशय की स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में उच्च कार्यालय से स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त करने हेतु पत्राचार किया गया है। प्राप्त निर्देशों के आधार पर वरिष्ठता सूची तैयार कर नियमानुसार पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक मुरित श्रीवास, जिला सचिव तुलसी चरण जायसवाल, जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ रितु मेश्राम, ब्लॉक अध्यक्ष बलौदाबाजार संत कुमार साहू, ब्लॉक उपाध्यक्ष ललिता नामदेव, बोधन सिंह साहू, सहसचिव लखेश्वर पटेल, मीडिया प्रभारी रामनाथ साहू, मनोज पैकरा, तहसील अध्यक्ष अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन बेनीराम साहू, अरुण कुमार वर्मा, रमेश कुमार लहरी, मोहन धीवर, रणजीत कोसले, सरोज घृतलहरे सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट