बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 अगस्त। बलौदा बाजार से 250 से अधिक शिवभक्त कांवडिय़ों का जत्था झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ।
पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा एवं जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव के नेतृत्व में निकले इस जत्थे में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भाटापारा रेलवे स्टेशन पर जैसे ही सभी कांवडि़ए एकत्र हुए, पूरा स्टेशन परिसर बोल बम और हर-हर महादेव के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण किए, हाथों में कांवड़ लिए और शिव भजनों की धुन पर झूमते हुए बाबा भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आए। बताया जाता है कि पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा का आयोजन करते हैं। इस वर्ष भी उनके नेतृत्व में 200 से अधिक श्रद्धालुओं का दल ट्रेन से देवघर के लिए रवाना हुआ, जहां सभी श्रद्धालु पवित्र जल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं का उत्साह, आस्था और भक्ति देखते ही बन रही थी। पूरे यात्रा दल ने भगवान शिव से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए अपनी पावन यात्रा का शुभारंभ किया। सावन की इस दिव्य बेला में बलौदाबाजार पूरी तरह शिवमय वातावरण में रंगा नजर आया।