बलौदा बाजार

शिवांशी बनीं केसरवानी समाज की प्रथम कमर्शियल पायलट
05-Aug-2026 2:35 PM
शिवांशी बनीं केसरवानी समाज की प्रथम कमर्शियल पायलट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार नगर की 21 वर्षीय होनहार बेटी शिवांशी केसरवानी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) प्राप्त कर केसरवानी समाज की प्रथम कमर्शियल पायलट बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार, समाज एवं पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

कैप्टन शिवांशी ने अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया राज्य के सैक्रामेंटो स्थित एडवांस एविएशन सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त कर सफलतापूर्वक कमर्शियल पायलट लाइसेंस अर्जित किया। इसके बाद वे अब कैप्टन शिवांशी केसरवानी के नाम से जानी जाएँगी। विदेश में प्रशिक्षण से पूर्व उन्होंने मुंबई स्थित एक एविएशन प्रशिक्षण संस्थान में लगभग एक वर्ष तक वेदर, टेकऑफ़, लैंडिंग, फ्लाइट सेफ्टी एवं अन्य तकनीकी विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कैप्टन शिवांशी, नितेश केसरवानी एवं भावना केसरवानी की बेटी तथा नरेंद्र नंदू केसरवानी एवं शोभा केसरवानी की पौत्री हैं। उनकी इस सफलता का श्रेय उनके दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम, परिवार के सहयोग तथा ईश्वर की असीम कृपा को दिया जा रहा है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर केसरवानी समाज, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने कैप्टन शिवांशी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सफलता प्रदेश और देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा वे भविष्य में भी नई ऊँचाइयों को स्पर्श कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी।


अन्य पोस्ट