बलौदा बाजार

नपाध्यक्ष बाबा बैद्यनाथ धाम रवाना
03-Aug-2026 6:07 PM
नपाध्यक्ष बाबा बैद्यनाथ धाम रवाना

भाटापारा, 3 अगस्त। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा अपने साथियों के साथ रवाना हुए। भाटापारा रेलवे स्टेशन से यात्रा प्रारंभ होने के अवसर पर पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।

कांवड़ यात्रा पर रवाना होने से पूर्व अश्वनी शर्मा एवं उनके साथियों ने भगवान भोलेनाथ का स्मरण कर विधिवत पूजा-अर्चना की और यात्रा की मंगलकामना की। श्रद्धालु कांवडि़ए पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे तथा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर नगर, प्रदेश एवं समस्त नागरिकों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। अश्वनी शर्मा ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की भक्ति, आस्था, साधना और संकल्प का पावन पर्व है। बाबा बैद्यनाथ धाम की कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, श्रद्धा और भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास की यात्रा है।

उन्होंने कहा कि महादेव की भक्ति में चलने वाला हर कदम मन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। कांवड़ यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं और समाज, परिवार तथा नगर की सुख-शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।

श्री शर्मा ने कहा, बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकलना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का विषय है। साथियों के साथ महादेव की भक्ति में यह यात्रा हमारे लिए अविस्मरणीय अनुभव होगी। हम बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करेंगे कि भाटापारा नगर सहित पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार पर भगवान भोलेनाथ की कृपा सदैव बनी रहे।

उन्होंने आगे कहा कि महादेव की कृपा से हमारी यह यात्रा सुरक्षित, सफल और मंगलमय हो। बाबा बैद्यनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करें और हम सभी को धर्म, सेवा, सद्भाव एवं जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढऩे की शक्ति प्रदान करें।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हर-हर महादेव, बोल बम और बाबा बैद्यनाथ महाराज की जय के जयघोष से भाटापारा रेलवे स्टेशन का वातावरण शिवमय हो गया।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, आपसी सहयोग, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा भक्ति के साथ सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश भी देती है।


अन्य पोस्ट