बलौदा बाजार

निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप, जुर्म दर्ज
02-Aug-2026 8:13 PM
निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 2 अगस्त। बलौदाबाजार शहर में जमीन के सौदे और निवेश के नाम पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

पीडि़तों और दर्ज प्राथमिक शिकायतों के अनुसार, अब्दुल हैदर नामक व्यक्ति पर दर्जन भर से अधिक लोगों से रुपये लेकर परिवार सहित लापता होने का आरोप लगा है।

पुलिस के अनुसार, अब तक सिटी कोतवाली में दो शिकायतें दर्ज की गई हैं। निश्चल जैन द्वारा 25 लाख और संजय कॉलोनी निवासी रजनी साहू द्वारा 10 लाख 61 हजार की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढऩे और अन्य पीडि़तों के सामने आने पर शिकायतकर्ताओं की संख्या और राशि बढ़ सकती है।

व्यापारियों और ग्रामीणों से रकम लेने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने जमीन के सौदे और जल्द रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर विभिन्न लोगों से रकम ली। पीडि़त व्यापारियों के अनुसार, उन्हें न तो जमीन का स्वामित्व मिला और न ही रकम वापस हुई।

कोकड़ी सरपंच को थमाए कोरे चेक

इसके अलावा, ग्राम कोकड़ी की सरपंच राजेश्वरी बंजारे ने बताया कि उन्होंने भी जमीन के सौदे के लिए 12 लाख 50 हजार रुपये दिए थे, जिसके बदले उन्हें कोरे चेक दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री कराने के नाम पर बार-बार टाल मटोल किया गया।

एक अन्य मामले में आरोपी पर उस मकान का सौदा करने का भी आरोप है जिसमें वह रहता था। खरीदार के अनुसार, 35 लाख लेकर कब्जा दे दिया गया, लेकिन बाद में मकान के एक बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

जम्मू-कश्मीर में मिली लोकेशन

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की मोबाइल लोकेशन जम्मू-कश्मीर में मिली हैं। तकनीकी माध्यमों से उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य पीडि़त भी सामने आकर शिकायत दर्ज कारए ताकि सभी मामलों को एक साथ जोडक़र व्यापक एफआईआर दर्ज की जा सके और ठगी की पूरी रकम का आकलन हो सके।

शिकायतें बढ़ेगी तो कार्रवाई और मजबूत होगी-टीआई

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि अब तक दो शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनके आधार पर जांच और आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के साथ भी इस प्रकार की धोखाधड़ी हुई है, वे थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि साक्ष्यों के आधार पर ठोस कार्रवाई की जा सके।


अन्य पोस्ट