बलौदा बाजार

सरकार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता को परेशान कर रही है-विधायक
01-Aug-2026 7:00 PM
सरकार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता को परेशान कर रही है-विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार द्वारा बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।

पत्रकार वार्ता में भाटापारा विधायक  इंद्र साव ने कहा कि  छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली का प्रदेश है, किंतु सरकार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता को परेशान कर रही है, जो न्यायसंगत नहीं है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा-भाजपा सरकार गठन के बाद महतारी वंदन योजना के तहत 1,000 रुपये देने की घोषणा की गई, लेकिन बिजली बिल में वृद्धि कर आम आदमी और प्रदेश वासियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया गया है।

 कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि  पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में ‘बिजली बिल हाफ योजना’ लागू थी। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में पांच बार वृद्धि की गई है। निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश यदु ने कहा-प्रदेश भर में बिजली बिलों की वसूली से जनता में असंतोष है। कांग्रेस इसके विरोध में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ा है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू के लिए 20 से 40 पैसे और कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद से मनमाने बिल और पारदर्शिता की कमी की शिकायतें मिल रही हैं। यदि सरकार बढ़ी हुई दरें और स्मार्ट मीटर वापस नहीं लेती है, तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में सडक़ से सदन तक विरोध किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने बढ़ी हुई बिजली दरों व स्मार्ट मीटर को वापस लेने और ‘400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना’ को पुन: प्रारंभ करने की मांग की।

इस अवसर पर लखेश साहू, सुरेन्द्र जायसवाल, सुनील कुर्रे, सरजू प्रसाद धृतलहरे, कालिंदी वर्मा, गणेश शंकर साहू, आर्यन शुक्ला, प्रवीण सेन, अमर मिश्रा, संतोष यादव, नीरज बांधे और कृष्णा टंडन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट