बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा ब्लॉक के ग्राम जरहागांव की निवासी दिवंगत रोहिणी वर्मा के परिजनों ने समाज सेवा का परिचय देते हुए उनका नेत्रदान कराया। इस निर्णय से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों को कॉर्निया प्रत्यारोपण के जरिए नई दृष्टि मिलने की उम्मीद है।
परिजनों ने लिया नेत्रदान
का संकल्प
रोहिणी वर्मा के निधन के बाद उनके परिजन मोतीराम वर्मा, हरिकिशन वर्मा और पूना राम वर्मा ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान का निर्णय लिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने भी भविष्य में स्वैच्छिक नेत्रदान करने का संकल्प लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी, बीएमओ डॉ. राजेंद्र माहेश्वरी और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा माहेश्वरी के मार्गदर्शन में नेत्र संग्रह की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। एकत्र किए गए कॉर्निया को प्रत्यारोपण हेतु रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेकाहारा) भेजा गया है।
डॉ. राजेश अवस्थी ने कहा - राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मृत्यु के 6 घंटे के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होता है। रेबीज, कैंसर या हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों से होने वाली मृत्यु के मामलों को छोडक़र अन्य सभी मामलों में नेत्रदान किया जा सकता है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो लोगों की दृष्टि वापस आ सकती है।