बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 जुलाई। बलौदाबाजार में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। नदी किनारे बसे गांव में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तुरमा गांव में गुरुवार रात को महिलाएं समेत चार ग्रामीण और पालतू कुत्ता बाढ़ में फंस गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही नगर सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित निकाला।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। नदी से लगे गांवों में पानी भर गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों और नगर सेना की टीम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम तुरमा गांव में चार ग्रामीणों के बाढ़ में फंसने की सूचना मिली। नगर सेना की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। इस दौरान जवाहर विश्वकर्मा उम्र 45, मिठाईलाल विश्वकर्मा 55 साल, उर्मिला बाई उम्र 50, मंजू विश्वकर्मा और एक पालतू कुत्ता बाढ़ में फंसे थे।
मोटरबोट से पहुंची टीम ने सभी को लाइफ जैकट पहनाकर बैठाया और सुरक्षित स्थान पर लाकर छोड़ा। नगर सेना की सराहना करते हुए लोगों ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए।
नगर सेना के बाढ़ बचाव दल ने जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी पुष्पराज सिंह के मार्गदर्शन में मेजर सोनसाय खरे और जितेन्द्र कुर्रे के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान चलाया. 15 सदस्यीय टीम मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय सहित अन्य आधुनिक बचाव उपकरणों से लैस थी।
रिसॉर्ट में फंसे पर्यटकों को भी सुरक्षित निकाला
ज्ञात हो कि गुरुवार सुबह डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्दाकछार स्थित निजी रिसॉर्ट में कुछ पर्यटक व कर्मचारी बाढ़ के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर सेना होमगार्ड और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया। रेस्क्यू करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।