बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 28 जुलाई। वनमण्डलाधिकारी के निर्देशन में बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा साँपों की सुरक्षा और जागरूकता के साथ सह अस्तित्व - 2026 का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र का आयोजन वनमण्डल कार्यालय, बलौदाबाजार में किया गया, जहां प्रतिभागियों को सर्पों की विभिन्न प्रजातियों की पहचान, उनके व्यवहार, पारिस्थितिकी में उनकी भूमिका, सर्पदंश से जुड़ी भ्रांतियों, प्राथमिक उपचार, रेस्क्यू के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा मानव-सर्प संघर्ष को कम करने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। द्वितीय सत्र का आयोजन सोनभरसा वन विहार केन्द्र, बलौदाबाजार में किया गया, जहां विशेषज्ञों द्वारा सर्प रेस्क्यू का लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को रेस्क्यू उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, सर्पों को बिना क्षति पहुँचाए पकडऩे एवं सुरक्षित स्थान पर छोडऩे की वैज्ञानिक विधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
एफईएस के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
कार्यशाला में डॉ. मंजीत कौर बाल, स्टेट लीड छत्तीसगढ़, डॉ. जगपाल सिंह बाल, विभागाध्यक्ष (मैकेनिकल), शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बेरला (बेमेतरा) तथा नरेन्द्र कुमार यादव, अंचल ठाकुर एवं मानव राज, प्रोजेक्ट मैनेजर,छत्तीसगढ़ ने विशेषज्ञ संसाधन व्यक्तियों के रूप में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। विशेषज्ञों ने सर्प संरक्षण के महत्व, मानव–सर्प सह-अस्तित्व तथा सुरक्षित रेस्क्यू की वैज्ञानिक तकनीकों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी ने कहा कि सर्प प्रकृति एवं पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके प्रति जागरूकता एवं वैज्ञानिक समझ विकसित कर ही अनावश्यक मानव–सर्प संघर्ष को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम वन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं की क्षमता वृद्धि के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यशाला में बलौदाबाजार वनमण्डल के सभी वन परिक्षेत्रों से वन अधिकारी, वन कर्मचारी,सुरक्षा श्रमिक एवं युवान वॉलंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।