बलौदा बाजार
वन विभाग ने की दूर रहने की अपील
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 27 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार से लगे ग्राम पहंदा में उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खोरसी नाला में घडिय़ाल देखा और इसकी फोटो खींचकर वायरल किया। वहीं इसकी सूचना वन विभाग को दी।
खोरसी नाला में घडिय़ाल देखे जाने की सूचना मिलते ही बलौदा बाजार रेंजर एकता कर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ग्राम पहंदा पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर नाला के आसपास मुआयना किया। साथ ही ग्रामीणों को अभी नाला के किनारे नहीं जाने की अपील करते हुए सरपंच को गांव में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक करने कहा है।
रेंजर एकता कर ने बताया कि ग्राम पहंदा में ग्रामीणों द्वारा घडिय़ाल नाला में दिखाई देने की सूचना मिली थी, जिस पर हमारी टीम ने गांव पहुंचकर नाले के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया है। नाले में अभी पानी का बहाव काफी तेज है, इसलिए थोड़ी दिक्कत आ रही है। फिलहाल हमने गांव में मुनादी कराकर लोगों को नाले में नहाने से मना किया है और यदि घडिय़ाल दिखाई दे तो तत्काल सूचना देने को कहा है।
वहीं उनका आगे कहना है कि घडिय़ाल हो सकता है तेज बहाव में कहीं और से आया होगा तथा आगे भी चला गया होगा। हमने नाले के किनारे सभी गांव में मुनादी कराने कहा है ताकि कोई घटना न हो। हमारी टीम नजर रखी हुई है।