बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 जुलाई। रायपुर से गिधौरी आ रही यात्रियों से भरी बस की रात को ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे 19 यात्री घायल हुए। इनमें चार लोग गंभीर हैं।
घटना ग्राम सकरी के पास हुई। बस रायल ट्रेवल्स की है। घटना के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस व 112 के वाहन से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम घटना की सूचना मिलते ही पहले से तैयार थी। चिकित्सकों की टीम ने तत्काल घायलों का इलाज शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, अधिकांश यात्रियों के सिर पर चोट आई है पर बड़े खतरे से बच गए हैं। नवपदस्थ एडिशनल एसपी खोमन सिन्हा भी जिला हॉस्पिटल पहुंचे और घटना की जानकारी हासिल की। सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि ग्राम सकरी के पास बस दुर्घटना हुई है। लगभग 19 यात्रियों को चोट आई है। गंभीर रूप से 4 लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है, अभी स्थिति नियंत्रण में है। बाकी घायलों को मामूली चोटें आई थी। इलाक के बाद सबको छुट्टी दे दी गई है। कोतवाली एएसआई सुनील खुंटे ने बताया कि ग्राम सकरी में आईटीआई के पास ट्रक व बस में टक्कर हुई है। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है। इलाज जारी है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।