बलौदा बाजार

सब्जी बाजार में कीचड़ और आवारा मवेशियों से आमजन परेशान
20-Jul-2026 2:57 PM
सब्जी बाजार में कीचड़ और आवारा मवेशियों से आमजन परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 जुलाई। नगर के एकमात्र मुख्य सब्जी बाजार में बुनियादी सुविधाओं की कमी और जलजमाव के कारण आम नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बारिश के दिनों में बाजार परिसर में कीचड़ और गंदगी की स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे खरीदारी करने आने वाले लोगों और विक्रेताओं दोनों को परेशानी होती है। लगभग 25 से 30 हजार की आबादी वाले इस नगर पालिका क्षेत्र में मुख्य बाजार के अलावा कुछ अन्य स्थानों पर भी गुमटियां हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अधिकांश विक्रेता इसी बाजार में पहुंचते हैं। नगर पालिका द्वारा निर्मित चबूतरों के बजाय कई विक्रेता सडक़ किनारे दुकानें लगाते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई करते हुए विक्रेताओं को चबूतरों पर शिफ्ट किया जाता है।

लेकिन कुछ समय बाद स्थिति पुन: वैसी ही हो जाती है। भीड़भाड़ वाले इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश के कारण अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है।

बाजार क्षेत्र में आवारा मवेशियों की मौजूदगी से भी नागरिक परेशान हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, मवेशियों के कारण बाजार में गंदगी तो होती ही है, साथ ही कई बार राहगीरों और खरीदारों के चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है। नागरिकों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि इन मवेशियों को पकडक़र कांजी हाउस भेजने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए।


अन्य पोस्ट