बलौदा बाजार

सुरभि गौधाम में श्रद्धा, सेवा और संस्कार का संगम
17-Jul-2026 4:16 PM
सुरभि गौधाम में श्रद्धा, सेवा  और संस्कार का संगम

श्री गो-गोपाल व श्री वास्तु पूजन महोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 17 जुलाई।  भाटापारा स्थित श्री सुरभि गौ धाम में आयोजित श्री गो-गोपाल एवं श्री वास्तु पूजन महोत्सव श्रद्धा, आस्था एवं धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष संत रामस्वरूप दास महात्यागी महाराज नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, संतजनों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गौ सेवा एवं लोककल्याण की कामना की।

पूजन में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, नेहा शर्मा के साथ पार्षद गेंदू साव, संतोषी साव, संध्या साहू, राजेश साहू, दीपा साहू , दशरथ साहू, एल्डरमैन श्री मधु सोनी, वाय आर सोनी, पार्षद कुंजराम कोसले  मोहिनी कोशले तथा पार्षद लक्ष्मीकांत टंडन निशा टंडन सम्मिलित होकर पूजा अर्चना की।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष संत रामस्वरूप दास महात्यागी महाराज का पावन सान्निध्य एवं आशीर्वचन श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। इस दौरान वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया। पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौ संरक्षण, धार्मिक आस्था, सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के साथ सामाजिक समरसता और जनजागरण का माध्यम भी बनते हैं। अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष संत  रामस्वरूप दास महात्यागी महाराज ने कहा कि गौ सेवा, वृक्षारोपण और धर्म आधारित जनकल्याण के कार्य मानव जीवन को पुण्य एवं लोकमंगल से जोड़ते हैं। समाज में सेवा, सद्भाव और संस्कारों का प्रसार ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में गौ माता का सम्मान, संतों का आदर और प्रकृति का संरक्षण होता है, वहाँ सुख, शांति और समृद्धि स्वत: स्थापित होती है। गौ सेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। वृक्षारोपण, गौ संरक्षण और सत्संग ऐसे तीन महायज्ञ हैं, जो आने वाली पीढिय़ों को स्वस्थ, संस्कारित और समृद्ध भविष्य प्रदान करते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सुरभि गौ धाम समाज की आस्था और सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने समस्त नगरवासियों से गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़ते हुए ऐसे जनहितकारी कार्यों को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।


अन्य पोस्ट