बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 जुलाई। गुुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा 2019 बैच के वरिष्ठ अधिकारी राय गौरव रामप्रवेश ने जिला बलौदाबाजार के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व राय गौरव रामप्रवेश जिला दंतेवाड़ा में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार पहुंचने पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने विधिवत रूप से नए पुलिस अधीक्षक को बलौदाबाजार जिले का चार्ज सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के इस गरिमामय अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।
स्वागत करने वाले अधिकारियों में मुख्य रूप से अभिषेक सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बलौदाबाजार, हेमसागर सिदार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भाटापारा, तारेश साहू अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, भाटापारा, कौशल किशोर वासनिक उप पुलिस अधीक्षक, कैंप कसडोल, संजय साहू उप पुलिस अधीक्षक, यातायात, उषा सोन्धिया उप पुलिस अधीक्षक, उषा ठाकुर रक्षित निरीक्षक उपस्थित थे।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात नए पुलिस अधीक्षक राय गौरव रामप्रवेश ने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।