बलौदा बाजार

8 ग्रामीणों की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने वाली पुलिस टीम सम्मानित
15-Jul-2026 6:08 PM
8 ग्रामीणों की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने वाली पुलिस टीम सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बहुचर्चित पुराना खर्वे सुहागा (जहर) खुरानी कांड का पर्दाफाश कर आठ ग्रामीणों की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने वाली पुलिस टीम को सोमवार को विशेष सम्मान दिया गया। एसपी ओ.पी. शर्मा ने कसडोल पहुंचकर इस जटिल और संवेदनशील मामले की वैज्ञानिक विवेचना करने वाले 26 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

सम्मानित अधिकारियों में उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक, थाना प्रभारी कसडोल निरीक्षक प्रवीण भीम, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य, चौकी प्रभारी गिरौदपुरी अश्वनी पडवार सहित कुल 26 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

एसपी शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि, मामले में पुलिस ने अत्यंत पेशेवर ढंग से कार्य करते हुए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। इससे न केवल आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा सका, बल्कि आम जनता का पुलिस और न्याय व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत हुआ।

कब्र से शव निकालकर जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्य

गौरतलब है कि ग्राम पुराना खर्वे निवासी रामसहाय जायसवाल पर आरोप है कि उसने पुरानी रंजिश के चलते गांव के आठ ग्रामीणों को शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर पिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने पर कसडोल पुलिस ने न्यायालयीन अनुमति लेकर मृतकों के शव कब्र से निकलवाए, पोस्टमार्टम कराया और वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

दिन-रात मेहनत करने वाली टीम का बढ़ाया हौसला

सम्मान समारोह में एसपी ओ.पी. शर्मा ने कहा कि यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था। टीम ने लगातार मेहनत, सूक्ष्म विवेचना और वैज्ञानिक जांच के जरिए एक-एक कड़ी जोड़ते हुए सच्चाई सामने लाई। ऐसे उत्कृष्ट कार्य पुलिस बल के लिए प्रेरणा हैं और भविष्य में भी इसी तरह निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट