बलौदा बाजार
गुणवत्ता और जनहित से कोई समझौता नहीं-पालिकाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 14 जुलाई। नगर के फिल्टर प्लांट परिसर में लगभग 8.04 लाख की लागत से होने वाले मरम्मत एवं उन्नयन कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पूजा-अर्चना के साथ किया।
इस अवसर पर नगर पालिका सभापति गोविंद पटेल,देवेंद्र साहू,सतीश तलरेजा,मनीष मिश्रा,पार्षद उमाशंकर वर्मा, नंद किशोर वैष्णव, गोवर्धन डहरिया, प्रत्येश राठौर,सतीश साहू, राजेश साहू, एल्डरमैन डॉ मोहन बांधे, मधु सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेता बंसी लाल नेताम, आशीष टोडर,सलीम खान,मो हारून,दिलीप ध्रुव, बंशी एवं वार्डवासी मौजूद रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ पहुँचाना ही वास्तविक विकास है।
उन्होंने कहा, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। फि़ल्टर प्लांट के मरम्मत कार्य से जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। हमारा लक्ष्य है कि नगर के प्रत्येक घर तक बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुँचे। नगर पालिका परिषद प्रत्येक विकास कार्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित हमारे हर निर्णय का केंद्र है और भाटापारा के सर्वांगीण विकास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका परिषद पेयजल व्यवस्था के साथ-साथ सडक़, नाली, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी निरंतर कार्य कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना परिषद की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से विकास कार्यों को चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इस जनहितैषी पहल का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद नगर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। नगर पालिका परिषद ने भी स्पष्ट किया कि भाटापारा को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित नगर बनाने की दिशा में विकास कार्य निरंतर गति से जारी रहेंगे।