बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 6 जुलाई। बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य 1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। मानसून के दौरान वन्यजीवों के प्रजनन काल, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस अवधि में अभ्यारण्य को पर्यटकों के लिए बंद रखा जाता है। इस अवधि में भी प्रकृति प्रेमियों एवं पर्यटकों को बेहतर पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा “Barnawapara–Sirpur Tourism Circuit : The Sacred Garland” की अवधारणा पर कार्य किया जा रहा है। यह पर्यटन परिपथ राजधानी रायपुर से सबसे निकट स्थित प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामुदायिक पर्यटन स्थलों को एक सूत्र में जोडऩे की एक अभिनव पहल है।
इस संबंध में वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार ने कहा कि यह सर्किट प्रकृति, संस्कृति, विरासत और स्थानीय समुदायों को एक साथ जोडऩे की एक दीर्घकालिक पहल है।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भी पर्यटकों को बारनवापारा-सिरपुर बफर क्षेत्रों के प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों का अनुभव उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय समुदायों की सहभागिता, रोजगार सृजन एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस पर्यटन परिपथ में सिरपुर (महासमुंद), धसकुंड जलप्रपात, तुरतुरिया ईको क्लचरल सेंटर, गिरौदपुरी धाम, सिद्धखोल जलप्रपात, कसडोल - सोनाखान, शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक, सोनाखान, देवपुर नेचर कैंप, देव हिल्स ईको एथनिक स्टे (अचानकपुर), बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य तथा कोडार जलाशय (महासमुंद) जैसे महत्वपूर्ण स्थलों में पर्यटक प्रकृति, स्थानीय संस्कृति और प्राचीन धरोहरों का अनुभव ले सकते हैं। यह पूरा लैंडस्केप प्रकृति, वन्यजीव, जलप्रपात, धार्मिक आस्था, पुरातात्विक धरोहर, जनजातीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन एवं ईको-टूरिज्म का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।