बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सोनारदेवरी से बांस बिनोरी मार्ग पिछले कई वर्षों से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। महज़ एक किलोमीटर का यह रास्ता आज अनगिनत गड्ढों, कीचड़ और जलभराव के कारण दलदल में तब्दील हो चुका है। प्रशासनिक उपेक्षा से तंग आकर अब ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है।
तालाब में तब्दील हुई सडक़, 15 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाने की मजबूरी
सोनारदेवरी और बांस बिनोरी को जोडऩे वाली यह मुख्य सडक़ बारिश के दिनों में किसी जलाशय जैसी नजऱ आने लगती है। गड्ढों की गहराई का अंदाज़ा न होने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इस जर्जर मार्ग के कारण ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है, जिससे उनके समय और आर्थिक रूप से भारी नुकसान हो रहा है।
2017 का शिलान्यास, 9 साल बाद भी काम अधूरा
हैरानी की बात यह है कि इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए मई 2017 में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल द्वारा च्पहुंच मार्ग सह पुलिया निर्माणज् का शिलान्यास किया गया था। लगभग 51.02 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस एक किलोमीटर की सडक़ का काम सालों बाद भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई साल से मांग करने के बावजूद जि़म्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्कूली बच्चों का जीना मुहाल, गणवेश हो रहे खराब
इस बदहाल रास्ते की सबसे बड़ी मार स्कूली छात्र-छात्राओं पर पड़ रही है। ग्राम बांस बिनोरी के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को पढ़ाई के लिए सोनारदेवरी आना पड़ता है। दूरी कम होने के कारण बच्चे पैदल ही आते हैं, लेकिन सडक़ पर कीचड़ और गुजरते वाहनों के छीटों से उनके यूनिफॉर्म (गणवेश) खराब हो जाते हैं। विद्यार्थियों का रास्ता नरकीय हो चुका है।
जब जिम्मेदारों ने फेरा मुंह, तो सरपंच-उपसरपंच ने खुद संभाला मोर्चा
प्रशासनिक उदासीनता से खफा होकर आखिरकार स्थानीय जनप्रतिनिधियों को खुद सडक़ पर उतरना पड़ा। बांस बिनोरी के सरपंच प्रतिनिधि संतलाल ढीढी और उपसरपंच प्रमिला ध्रुव ने ग्रामीणों व महिलाओं के साथ मिलकर फावड़ा और कुदाल उठाया। उन्होंने सडक़ पर जमा पानी को निकालने के लिए अस्थाई नालियों का निर्माण किया ताकि राहगीरों को थोड़ी राहत मिल सके।
ग्रामीणों की चेतावनी
स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण का कहना है कि इस दलदल युक्त रास्ते ने ग्रामीणों और बच्चों का चलना दूभर कर दिया है। यदि शासन-प्रशासन ने तत्काल इस पक्की सडक़ का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, तो पूरे अंचल के ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।