बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 जुलाई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के प्रसिद्ध तुरतुरिया मंदिर में रविवार को दर्शन करने पहुंचे करीब 250 श्रद्धालु अचानक आई बाढ़ के कारण फंस गए। कसडोल पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित निकाला।
भंडारपुरी डुम्हा गांव के श्रद्धालु कल सुबह बालमदेही नदी पार कर माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। दोपहर बाद तेज बारिश शुरू होने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और नदी उफान पर आ गई। देखते ही देखते लौटने का रास्ता बंद हो गया और सभी श्रद्धालु मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में फंस गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाढ़ के बीच श्रद्धालुओं तक पहुंच बनाई।
नदी का मुख्य रास्ता बंद होने के कारण पुलिस ने सभी लोगों को नदी किनारे लगभग दो किलोमीटर पैदल सुरक्षित रास्ते से निकालकर ठाकुरदिया गांव पहुंचाया। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहायता दी गई। पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से सभी 250 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने बताया कि जब श्रद्धालु सुबह मंदिर पहुंचे थे, तब नदी में पानी काफी कम था। लेकिन लगातार बारिश के कारण कुछ ही घंटों में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।
उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में नदी-नालों को पार करने से पहले मौसम और जलस्तर की जानकारी जरूर लें।
नगर सेना की देरी पर उठे सवाल
घटना के बाद नगर सेना (आपदा राहत दल) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर करीब ढाई बजे ही नगर सेना को सूचना दे दी गई थी, लेकिन शाम तक उनकी टीम मौके पर नहीं पहुंची।
इस बीच कसडोल पुलिस ने अकेले ही रेस्क्यू अभियान को अंजाम दिया। लोगों का आरोप है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। नगर सेना की देरी को लेकर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
प्रशासन ने जारी की अपील
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में किसी भी धार्मिक स्थल या पर्यटन स्थल पर जाने से पहले मौसम और स्थानीय प्रशासन की सलाह जरूर लें। फिलहाल सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने घर लौट चुके हैं।

