बलौदा बाजार

300 से अधिक विद्यार्थी बने युवान कार्यक्रम का हिस्सा
05-Jul-2026 8:39 PM
300 से अधिक विद्यार्थी बने युवान कार्यक्रम का हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 5 जुलाई। वनमण्डलाधिकारी के निर्देशानुसार बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत प्रत्येक शनिवार संचालित किए जा रहे युवान कार्यक्रम के तहत शनिवार को विभिन्न वन परिक्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए वन भ्रमण, प्रकृति शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने युवान कार्यक्रम से जुडक़र वन, वन्यजीव, जल, मृदा एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति व्यवहारिक जानकारी प्राप्त किया और प्रकृति संरक्षण का सन्देश दिया।

कार्यक्रमों के अंतर्गत सोनाखान, देवपुर, अर्जुनी, बल्दाकछार एवं बलौदाबाजार वन परिक्षेत्रों के विभिन्न परिसरों एवं विद्यालयों में विद्यार्थियों को वन भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें वनों एवं वन्यजीवों का मानव जीवन में महत्व, जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, जल एवं मृदा संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग तथा मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि प्रकृति संरक्षण में युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी भविष्य के सुरक्षित पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रमों में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने सीड बॉल रोपण, बीज रोपण, पौधारोपण तथा वन महोत्सव जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

फलदार एवं स्थानीय प्रजातियों जैसे आम, कोसम, चार, बहेड़ा, जामुन, नीम, आँवला एवं अन्य उपयोगी प्रजातियों के संरक्षण एवं प्राकृतिक पुनर्जनन के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही जल एवं मृदा संरक्षण के लिए किए जा रहे विभागीय कार्यों तथा वन प्रबंधन समितियों की भूमिका से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

युवान कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को  ‘एक पेड़ माँ के नाम ’ अभियान से जोड़ते हुए पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण में व्यक्तिगत योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। कई स्थानों पर विद्यार्थियों को औषधीय पौधों की उपयोगिता, मिट्टी कटाव की रोकथाम, जल संरक्षण उपायों तथा प्राकृतिक संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में भी व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।

इस संबंध में वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि युवान कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें सीधे प्रकृति के बीच सीखने का अवसर प्रदान करना है।

जब बच्चे जंगल, जल स्रोत, वन्यजीव एवं जैव विविधता को निकट से समझेंगे, तभी उनमें प्रकृति संरक्षण के प्रति स्थायी संवेदनशीलता विकसित होगी।


अन्य पोस्ट