बलौदा बाजार

डायल 112 ने परिवार को घरेलू हिंसा से बचाया, इनाम को भी ठुकराया
03-Jul-2026 8:04 PM
 डायल 112 ने परिवार को घरेलू हिंसा से बचाया, इनाम को भी ठुकराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 3 जुलाई। डायल 112 पुलिस टीम का लाभ अब जिलेवासियों को मिलने लगा है। ताजा मामला कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा से सामने आया है, जहां डायल 112 की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ही परिवार के कई लोगों को घरेलू हिंसा का शिकार होने से बचाया। साथ ही इनाम के रुपये भी लेने से मना किया।

एक जुलाई की रात करीब 9 बजे डायल 112 को इवेंट नंबर 542331 के माध्यम से एक संवेदनशील सूचना मिली। कॉलर ने बताया कि उसका जीजा शराब के नशे में है और घर के छोटे-छोटे 3 बच्चों, अपनी पत्नी, सास, ससुर और उसके साथ मारपीट कर रहा है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और जान का खतरा बना हुआ है।

सूचना पर थाना कसडोल की डायल 112 बाज 1 टीम में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और साथी स्टाफ तत्काल घटनास्थल ग्राम पुटपुरा पहुंचे। मौके पर हालात काफी तनावपूर्ण थे। पुलिस टीम ने स्थिति को तुरंत अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पीडि़तों से पूछताछ की, तो उन्होंने बच्चों और अपनी बेटी के भविष्य तथा लोक-लाज के डर से कानूनी रिपोर्ट दर्ज कराने से मना कर दिया। उन्होंने पुलिस से केवल इतनी गुहार लगाई कि वे उस शराबी व्यक्ति को समझा-बुझाकर शांत कर दें। इस पर आरक्षक आशुतोष बंजारे और टीम ने शराबी युवक पर बल प्रयोग करने के बजाय मनोवैज्ञानिक और मानवीय तरीके से कड़ाई से समझाइश देना उचित समझा।

पुलिस की इस काउंसलिंग का युवक पर ऐसा असर हुआ कि उसे तुरंत अपनी गलती का अहसास हुआ और पूरे परिवार के पैर छूकर रोते हुए माफी मांगी। डायल 112 की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी और अप्रिय घटना होते-होते टल गई।

पुलिस की इस मानवीय कार्यशैली और तत्परता से कॉलर और उसके बुजुर्ग पिता इतने अभिभूत हुए कि उन्होंने खुश होकर सम्मान स्वरूप 112 की टीम को 1000 की नगद राशि देनी चाही, लेकिन कर्तव्यपरायण टीम ने इस राशि को लेने से साफ मना कर दिया।

टीम ने कहा-जनता की सेवा और सुरक्षा करना हमारा कर्तव्य है, इसके बदले हमें कुछ नहीं चाहिए। पुलिस की इस ईमानदारी और अनुशासन ने उपस्थित ग्रामीणों का दिल जीत लिया।

वीडियो बनाकर जताया आभार

डायल 112 की इस त्वरित सहायता और बेदाग छवि से गदगद होकर आज कॉलर ने खुद एक वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो के माध्यम से कॉलर और उसके परिवार ने थाना कसडोल की डायल 112 ‘बाज 1’ टीम आरक्षक आशुतोष बंजारे व टीम का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए बलौदाबाजार पुलिस का आभार जताया है।


अन्य पोस्ट