बलौदा बाजार

संत कबीर दास के संदेश आज भी समाज को समरसता और मानवता का मार्ग दिखाते हैं-पालिकाध्यक्ष शर्मा
01-Jul-2026 4:26 PM
संत कबीर दास के संदेश आज भी समाज को समरसता  और मानवता का मार्ग दिखाते हैं-पालिकाध्यक्ष शर्मा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 1 जुलाई । संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर दास की जयंती पर भाटापारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर संत कबीर दास के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहाँ श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, संतवाणी, जयघोष एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संत कबीर दास जी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संत कबीर दास के जीवन, उनकी वाणी एवं सामाजिक चेतना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को जाति-पांति, ऊँच-नीच, भेदभाव और आडंबर से ऊपर उठकर सत्य, प्रेम, समानता, मानवता और सदाचार का संदेश दिया। उनके दोहे और विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा—संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर दास जी केवल एक महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के प्रखर प्रवक्ता थे। उनके विचार आज भी समाज को एकता, समरसता, मानवता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश देकर समाज में व्याप्त भेदभाव एवं कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण का कार्य किया। वर्तमान समय में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। यदि हम संत कबीर दास जी के बताए मार्ग को अपने जीवन में अपनाएँ, तो सामाजिक सौहार्द, आपसी सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक सशक्त होगी। हम सभी का दायित्व है कि उनके संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुँचाएँ तथा समरस और संस्कारित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को संत कबीर दास जी की जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में सद्भाव और एकता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।


अन्य पोस्ट