बलौदा बाजार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 जून। लवन थाना क्षेत्र में गौवंश के साथ कथित अमानवीय कृत्य का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता विजय साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उन्हें 29 जून की रात व्हाट्सएप पर प्राप्त एक वीडियो में ग्राम पण्डरिया निवासी बुल्लू पटेल कथित रूप से एक गाय के साथ अमानवीय कृत्य करता हुआ दिखाई दे रहा है। शिकायतकर्ता ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस दस्तावेज के अनुसार शिकायत में उल्लेख किया गया है कि यह कथित घटना 25 मई से 31 मई 2026 के बीच की बताई गई है तथा वीडियो 29 जून को प्राप्त हुआ। शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में कहा है कि वीडियो एवं फोटो के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने थाना लवन में लिखित शिकायत प्रस्तुत की।
प्रथम सूचना के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मोहित लाल मलिक को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।