बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 जून। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 जून को जिला अस्पताल, बलौदाबाजार में अभियान का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन एवं योगेश अग्रवाल ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि,भारत 27 मार्च 2014 से पोलियो मुक्त घोषित है और लगातार 12 वर्षों से पोलियो-मुक्त स्थिति बनाए रखी गई है। फिर भी पड़ोसी देशों में वाइल्ड पोलियो वायरस के प्रसार को देखते हुए पोलियो मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान में जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पर्यवेक्षक और संबंधित विभाग पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को मिलाकर कुल 840 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं तथा इतनी ही टीमों का गठन किया गया है। अभियान में जिले में 1,40,879 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सीएमएचओ ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई है । इसके उपरांत अगले दो दिनों तक मॉप-अप राउंड के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भ्रमण करेंगी तथा प्रथम दिवस में छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाना सुनिश्चित करेंगी। डॉ. अवस्थी ने बताया कि अभियान की व्यापक सफलता के लिए जिले में सभी प्रकार के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ मुनादी भी कराई गई है।
ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।