बलौदा बाजार

लाल बहादुर स्कूल में प्रवेशोत्सव व प्रतिभा सम्मान
27-Jun-2026 4:08 PM
लाल बहादुर स्कूल में  प्रवेशोत्सव व प्रतिभा सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 27 जून। भाटापारा स्थित शासकीय आदर्श प्राथमिक शाला लाल बहादुर शास्त्री वार्ड एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्कूल में 25 जून  को ‘हमर स्कूल हमर सपना’ थीम के तहत शाला प्रवेश उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुंज राम कोसले (पार्षद एवं सभापति) तथा लक्ष्मीकांत टंडन (पार्षद) थे। विशेष अतिथि के रूप में एस. आर. फूटान एवं जानकी फूटान (सेवानिवृत्त प्रधान पाठक) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नवप्रवेशित 23 विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तक एवं पोशाक वितरित की गई। बच्चों को खीर-पूड़ी खिलाई गई एवं वृक्षारोपण भी किया गया। उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य तथा राज्य स्तरीय चर्चा पत्र में स्थान प्राप्त करने पर प्रधान पाठक शत्रुहन कुमार डहरिया का अतिथियों एवं पालकों द्वारा सम्मान किया गया।

कक्षा पाँचवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों देवकुमार ध्रुव एवं रोशनी कलियारे को एस. आर. फूटान द्वारा 1000-1000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उन्होंने प्रतिवर्ष यह सम्मान जारी रखने तथा जुलाई माह में सभी विद्यार्थियों को टाई एवं बेल्ट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में शासन के निर्देशानुसार एसएमसी का गठन किया गया, जिसमें दोनों विद्यालयों के लिए क्रमश: संतोषी कटारे एवं सिंदरानी मेहर को पालक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत टंडन ने रिक्शा कॉलोनी स्थित शहीद वीर नारायण स्कूल को एक माह के भीतर प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। प्रधान पाठक शत्रुहन कुमार डहरिया ने बताया कि इस वर्ष भी निजी विद्यालयों से विद्यार्थी उनके विद्यालय में प्रवेश ले रहे हैं, जो विद्यालय की बढ़ती गुणवत्ता का प्रमाण है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक राजकुमारी साहू, प्रमोद कुमार वर्मा, बंशीलाल चौहान, सविता सोनकर, शत्रुघन कुर्रे तथा स्वयंसेवी शिक्षिका तरुणा ध्रुव सहित समस्त विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


अन्य पोस्ट