बलौदा बाजार

राशन हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, जिले में अब तक 90 हजार का लंबित
26-Jun-2026 6:26 PM
  राशन हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, जिले में अब तक 90 हजार का लंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 जून। सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत राशन प्राप्त करने वाली हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई हैं। खाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों का ई-केवाईसी अपडेट नहीं होगा, उन्हें भविष्य में राशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अभी भी लगभग 90 हजार हितग्राहियों का ई-केवाईसी लंबित हैं, जिसे 15 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद अपात्र एवं अप्रमाणित हितग्राहियों को राशन वितरण प्रभावित हो सकता हैं।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की संचालक फारिया आलम द्वारा जारी आदेश में ई-केवाईसी को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि सभी जिलों में शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी 15 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। साथ ही ई-केवाईसी पूर्णता संबंधित प्रमाण पत्र संचालनालय को भेजना होगा।

जिन हितग्राहियों का सत्यापन नहीं हो पाया हो पाएगा, उनकी कारण सहित सदस्य वार्ड जानकारी 20 जुलाई तक संचालनालय को उपलब्ध करानी होगी।

आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में कार्यवाई पूरी नहीं होने पर जिला खाद्य अधिकारी सहायक खाद्य अधिकारी और संबंधित खाद निरीक्षकों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मानना है की ई-केवाईसी के माध्यम से वास्तविक पात्र हितग्राहियों की पहचान सुनिश्चित् होगी और फर्जी, मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाए जा सकेंगे।

अब अंगूठे से होगी पहचान ओटीपी की व्यवस्था खत्म

नई व्यवस्था के तहत राशन दुकानों में अब ओटीपी आधारित सत्यापन के बजाय पीओएस पॉइंट ऑफ सेल मशीन के जरिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। राशन लेने पहुंचे हितग्राही को मशीन में अंगूठा लगाकर अपनी पहचान प्रमाणित करनी होगी। सफल सत्यापन के बाद ही चावल, शक्कर और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया जाएगा।

जानिए ई केवाईसी की जरूरत और इसके फायदे

आधार से पहचान का सत्यापन होगा। फर्जी और अपात्र नाम हटाया जा सकेंगे। मृत और स्थानांतरित लोगों की जानकारी अपडेट होगी। राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी।  सरकारी खाद्यान्न का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचेगी।

बायोमेट्रिक से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेगा खाद्यान्न

जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि ई-केवाईसी प्रकिया आधार से जुड़े सत्यापन को मजबूत बनाएगी। इससे राशन कार्डों में दर्ज सदस्यों की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।

कई मामलों में ऐसे लोगों के नाम भी सूची में बने रहते हैं जो वर्षों पहले स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी हैं। ई-केवाईसी के बाद ऐसी विसंगतियों को दूर किया जा सकेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पत्र परिवार तक पहुंच सकेगा। उन्होंने बताया कि हितग्राही अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकान लोक सेवा केंद्र या विभाग द्वारा लगाए जा रहे विशेष शिविरों में जाकर ही ई केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और राशन कार्ड की जानकारी आवश्यक होगी।

जिले में 3.86 लाख राशन कार्ड, 13.30 लाख हितग्राही

खाद्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बलौदाबाजार जिले में कुल 3 लाख 86 हजार 235 राशन कार्डधारी हैं। इनमें 49 हजार 695 अंत्योदय कार्डधारी 3 लाख 5 हजार 69 प्राथमिकता श्रेणी के कार्डधारी 1 हजार 624 निराश्रित कार्डधारी 778 निशक्तजन कार्डधारी तथा 29 हजार 69 सामान्य राशन कार्डधारी शामिल हैं। इन राशन कार्डो से जुड़े हितग्राहियों की कुल संख्या लगभग 13 लाख 30 हजार 395 हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार इनमें से अधिकांश लोगों ने ही ई केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली हैं। लेकिन अभी भी करीब 90 हजार हितग्राही ऐसे हैं जिनका सत्यापन नहीं हो पाया हैं। विभाग ने ऐसे सभी लोगों से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की हैं।


अन्य पोस्ट