बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 जून। बलौदाबाजार प्रेस क्लब के पंजीयन एवं स्थापना दिवस के प्रथम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर के ऑडिटोरियम में प्रथम पंजीयन स्थापना दिवस एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, कसडोल विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के अध्यक्ष अशोक जैन, प्रेस क्लब के संरक्षक विजय केसरवानी, संरक्षक विधिक सलाहकार सतीश चंद्र श्रीवास्तव, शैलेष नितिन त्रिवेदी, संरक्षक एस. एम. पाध्ये, संरक्षक विद्याधर तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता बलौदाबाजार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी ने की।
मुख्य अतिथि टंकराम वर्मा के करकमलों से बलौदाबाजार प्रेस क्लब के आधिकारिक न्यूज़ पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एवं मंचस्थ अतिथियों द्वारा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा जिलेभर से पधारे वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों को स्मृति-चिन्ह मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंत्री टंकराम वर्मा ने बलौदाबाजार प्रेस क्लब को प्रथम स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। वे जनहित के मुद्दों को उचित मंच तक पहुँचाकर अंतिम व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लेखनी और कलम की ताकत ने आजादी के आंदोलन से लेकर वर्तमान भारत के सामाजिक, राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक बदलावों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार निरंतर राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों के समक्ष आने वाली विभिन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद पत्रकार समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। वहीं कसडोल विधायक संदीप साहू ने पत्रकारिता के इतिहास से लेकर वर्तमान डिजिटल युग तक पत्रकारों के संघर्षपूर्ण सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि धूप, बारिश, आपदा, दुर्घटना अथवा किसी भी विषम परिस्थिति में सबसे पहले घटनास्थल पर पहुँचकर सत्य को समाज तक पहुँचाने का कार्य पत्रकार ही करते हैं। उन्होंने ग्रामीण अंचलों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि प्रिंट मीडिया से लेकर डिजिटल मीडिया, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया तक पत्रकारिता का स्वरूप भले ही बदल गया हो, लेकिन समाज और राष्ट्र के प्रति पत्रकारों की प्रतिबद्धता आज भी उतनी ही मजबूत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी ने बीते एक वर्ष के दौरान बलौदाबाजार प्रेस क्लब द्वारा जनहित, सामाजिक सरोकार, पीडि़त एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज बुलंद करने तथा सकारात्मक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका तथा पत्रकारों के सम्मान को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रेस क्लब के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। संरक्षक सतीश श्रीवास्तव ने पत्रकारिता को लोकतंत्र की आत्मा एवं रीढ़ बताते हुए पत्रकारों में निष्पक्षता निर्भीकता एवं सच्चाई का गुण होना बताते हुए कहा कि पत्रकारों की कलम न रुकती है।
न झुकती है और न बिकती है।
संरक्षक विजय केसरवानी, एस.एम. पाध्ये, विद्याधर तिवारी सभी ने पत्रकारों के हितों और भूमिकाओं के संबंध में अपना वक्तव्य दिया।
इस अवसर पर मंचस्थ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं बलौदाबाजार प्रेस क्लब का स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। उपाध्यक्ष दिलीप माहेश्वरी ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के संरक्षक विजय केसरवानी, शैलेष नितिन त्रिवेदी, एस.एम. पाध्ये, विद्याधर तिवारी, विधिक सलाहकार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सतीशचन्द्र श्रीवास्तव, अध्यक्ष नरेश गनशानी, उपाध्यक्ष दिलीप महेश्वरी, सचिव दलजीत सिंह चावला, सहसचिव विजयशंकर तिवारी एवं प्रीत लाल कुर्रे, कोषाध्यक्ष राजेश्वर गिरी, सलाहकार उमेश बाजपेयी, राघवेंद्र सिंह, सुदेश साहू, डॉ. देवेंद्र साहू, लकेश बघेल, आभाष शर्मा, चतुरमूर्ति वर्मा, लकेश्वर बघेल, श्रवण ध्रुव, मिथलेश वर्मा, गोविन्द राम,मंजीत सिंह चावला, गणेश शंकर साहू, राजकुमार वलेचा, पुष्पकांत मेजर, ताराचंद कठौत्रे, तुलसी साहू, निर्मल सिंह, मोहित राम मरकाम, इलियास खान, राजू पाल, अजीत सिंह, धर्मेंद्र मांडले, किशोर बंजारे, चेतन पूरेना, तोषण प्रसाद चौबे सहित जिले के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द मिश्रा, किशोर बाजपेयी, महेश ढीढी, नीलकमल आजाद, जनसंपर्क अधिकारी आमना खातून, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, केशरवानी समाज के अध्यक्ष श्याम केशरवानी, सिंधी समाज के अध्यक्ष इंदु पंजवानी, सिख समाज इन्दर सिंह सलूजा, खोडसराम कश्यप, ईशान वैष्णव, राकेश ध्रुव, आलोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम सोनी, योगेश अग्रवाल, नीलम सोनी, वीनम श्रीवास्तव, श्रेया श्रीवास्तव, संतोष यदु, शंकर दुलानी, के. के.वर्मा, राजेश हबलानी, राजेश नागदेव, महेंद्र जैन, गौतम चौहान, शशिभूषण शुक्ला, मुरारी साहू, राकेश वाधवानी आदि विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकारों के परिवारजन एवं जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।