बलौदा बाजार

मनरेगा और डीएमएफ के कार्यों में अनियमितता के आरोप
24-Jun-2026 4:08 PM
मनरेगा और डीएमएफ के कार्यों  में अनियमितता के आरोप

पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने शिकायत पत्र सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 जून। कसडोल जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत भुसड़ीपाली की उपसरपंच ने मनरेगा और डीएमएफ के कार्यों में वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। अपनी शिकायतों को लेकर उपसरपंच और पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के नाम शिकायत पत्र सौंपते हुए जांच की मांग की।

मनरेगा में फर्जी अटेंडेंस की शिकायत

उपसरपंच के साथ जिला मुख्यालय आए ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा के तहत स्वीकृत सोनझोला नाला सफाई कार्य में फर्जी हाजिरी लगाकर मजदूरी राशि निकाली गई, जबकि कई ऐसे लोगों के नाम मस्टररोल में दर्ज किए गए जिन्होंने मौके पर कोई काम ही नहीं किया, वहीं डीएमएफ मद से निर्मित सीसी रोड में भी गुणवत्ता से समझौता कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किए जाने का आरोप उपसरपंच और ग्रामीणों ने लगाया है।

ग्राम पंचायत की उपसरपंच लता लोधवंशी ने कहा कि मनरेगा कार्यों में वास्तविक मजदूरों के बजाए कुछ लोगों को केवल फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया जाता था। बाद में उन्हीं लोगों के नाम से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर मजदूरी निकाली जाती थी। उपसरपंच का आरोप है कि जब पंचों ने इस पर सवाल उठाए तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

 लता लोधवंशी ने दावा किया कि कई ऐसे लोगों की हाजिरी दर्ज हुई है जो कभी कार्यस्थल पर काम करने पहुंचे ही नहीं। उन्होंने कहा कि पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों को भी कई मामलों में जानकारी नहीं दी जाती और विकास कार्यों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सीमित लोगों तक ही रखा जाता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सोनझोला नाला सफाई कार्य के दौरान ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर मजदूरी भुगतान किया गया, साथ ही जॉब कार्ड रिकॉर्ड और वास्तविक कार्य के बीच बड़ा अंतर है। ग्रामीणों ने जांच के दौरान संबंधित जॉब कार्डधारकों के बयान दर्ज करने और मस्टररोल की भौतिक जांच कराने की मांग की है, उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।

5 लाख की सडक़ पर भी विवाद

 शिकायतकर्ताओं ने डीएमएफ मद से स्वीकृत पांच लाख की लागत वाली सीसी रोड निर्माण पर भी सवाल उठाए हैं। यह सडक़ खाल्हेपारा से स्वामी आत्मानंद स्कूल तक बनाई गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सडक़ निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया।

पंचों ने भी उठाए सवाल

पंचायत के कई पंच भी खुलकर इन मुद्दों पर सामने आए हैं। शिकायत पत्र पर उपसरपंच लता लोधवंशी सहित अन्य पंचों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। पंचों का कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति की शिकायत नहीं बल्कि गांव के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सामूहिक चिंता है।

 ग्राम पंचायत भुसड़ीपाली की उपसरपंच लता लोधवंशी का आरोप है कि पंचायत में वित्तीय पारदर्शिता का अभाव है. विकास कार्यों की जानकारी भी पूरी तरह साझा नहीं की जाती है।

प्रशासन से जांच की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। जांच में मनरेगा कार्यों के मस्टररोल, भुगतान रिकॉर्ड और जॉब कार्ड की जांच के साथ-साथ डीएमएफ मद से बनी सडक़ की तकनीकी गुणवत्ता की भी स्वतंत्र जांच जांच जिला प्रशासन कराए।

 ग्रामीण चाहते हैं कि सडक़ की मोटाई, निर्माण सामग्री और स्वीकृत प्राक्कलन का मिलान विशेषज्ञ इंजीनियरों द्वारा किया जाए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आए। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जांच नहीं होती तो वो आंदोलन करेंगे। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कहीं कुछ गड़बड़ी है तो उसकी जांच की जाएगी।


अन्य पोस्ट