बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 जून। थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में झारखंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक स्थायी वारंटी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी महेंद्र त्रिपाठी, निवासी संजय कॉलोनी, बलौदाबाजार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आने के बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक शाखा स्थित खाते से विभिन्न लेनदेन के माध्यम से 3,74,000 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान ठगी की राशि का एक हिस्सा कोलकाता स्थित बंधन बैंक के एक खाते में स्थानांतरित होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार यह खाता शौविक राजवंशी नामक व्यक्ति के नाम पर है। जांच में देवघर (झारखंड) के निवासी मुस्तफा अंसारी का नाम भी सामने आया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने झारखंड के देवघर जिले में कार्रवाई करते हुए मुस्तफा अंसारी तथा लाल मोहम्मद अंसारी उर्फ लालबाबू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पंचरूखी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर (झारखंड) के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताए गए एक ओप्पो मोबाइल फोन को जब्त करने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मामले में जामताड़ा निवासी एक अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस का दावा है कि साइबर अपराध में कथित रूप से एक एपीके फाइल का उपयोग किया गया, जिसके माध्यम से मोबाइल फोन तक पहुंच प्राप्त कर बैंक खातों से रकम निकाली जाती थी।
पुलिस ने बताया कि लाल मोहम्मद अंसारी को झारखंड के मधुपुर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर तथा मुस्तफा अंसारी को बलौदाबाजार लाया गया। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच तथा अन्य संभावित आरोपियों और बैंक खातों की पड़ताल के लिए न्यायालय ने आरोपियों को 25 जून तक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।


