बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 जून। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी. एस. सिंहदेव का गुरुवार को भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत बलौदाबाजार आगमन हुआ। उनके आगमन पर मगरचाबा चौक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया।
अपने प्रवास के दौरान श्री सिंहदेव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय विद्याचरण शुक्ल की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय शुक्ल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित कांग्रेसजनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वर्गीय शुक्ल के राजनीतिक, सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया।
इसके पश्चात श्री सिंहदेव ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों के निवासों पर पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा सामाजिक और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
दिनभर की व्यस्तता के बीच उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसजन विद्याभूषण शुक्ल, शैलेश नितिन त्रिवेदी, सुरेंद्र शर्मा, राकेश वैष्णव, जनकराम वर्मा, कालिंदी वर्मा, पद्मेश्वरी साहू, तुलसीराम वर्मा, रामकुमार साहू (छाला साहू), प्रवीण सेन, दिनेश यादव, सलमान शेख, जुगल भट्टर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के घर पहुंचकर उनसे भेंट की।
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान श्री सिंहदेव जिला अधिवक्ता संघ, बलौदाबाजार भी पहुंचे, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं से संवाद कर न्यायिक व्यवस्था, सामाजिक सरोकारों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने भी अपने सुझाव एवं विचार उनके समक्ष रखें। सिंहदेव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती, जनसंपर्क तथा जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं का जनता से निरंतर संपर्क लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।उल्लेखनीय है कि टी. एस. सिंहदेव का यह दौरा किसी राजनीतिक सभा, चुनावी कार्यक्रम अथवा संगठनात्मक अभियान का हिस्सा नहीं था, बल्कि वरिष्ठ कांग्रेसजनों, कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों से आत्मीय भेंट-मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जानने तथा सामाजिक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित यात्रा थी।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।


