बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 13 जून। नगर के संत कंवरराम वार्ड में शनिवार क़ो 7 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि काफी समय से जर्जर मार्ग की समस्या से जूझ रहे संत कंवरराम वार्ड के निवासियों के लिए यह सीसी रोड किसी सौगात से कम नहीं है। बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों से होने वाली परेशानी अब खत्म होगी। इस सडक़ के बन जाने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने आगे कहा- हमारा संकल्प है कि भाटापारा नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य हो । सडक़, नाली, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं। नगर के हर वार्ड में विकास और आधारभूत सुविधाओं का निर्माण सुनिश्चित करने के लिए हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि इन विकास कार्यों से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में हम सफल हो रहे हैं। यह सीसी रोड सिर्फ एक सडक़ नहीं, बल्कि वार्ड के विकास का नया मार्ग है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रदेश के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।


