बलौदा बाजार

सुशासन तिहार के नाम पर छलावा-सुशील शर्मा
10-Jun-2026 6:48 PM
सुशासन तिहार के नाम पर छलावा-सुशील शर्मा

खाद-बीज की कमी पर आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 10 जून। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा ने सुशासन तिहार शिविरों को छलावा कहा है। उन्होंने एक प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया है कि ये शिविर धरातल पर आम जनता और किसानों की समस्याओं का निवारण करने में असफल सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने बुनियादी सुविधाओं और खाद-बीज की कमी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुशासन शिविरों में कमियों और योजनाओं की जमीनी हकीकत उजागर होने के डर से स्थानीय प्रशासन और सत्तापक्ष द्वारा जानबूझकर विपक्ष के नेताओं को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है।

शर्मा के अनुसार, शिविरों में आम जनता के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और केवल चुनिंदा हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर प्रशासनिक स्तर पर वाहवाही लूटा जा रहा है।

पूर्व मंडी अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में कृषि कार्य का महत्वपूर्ण समय है, लेकिन सरकार किसानों को राहत देने में असफल हो रही है। खेती के इस सीजन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद (यूरिया/डीएपी) और उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।  ग्रामीण क्षेत्रों के किसान लगातार अघोषित बिजली कटौती और पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल थमाए जा रहे हैं।  शिविरों में केवल समस्याओं के आवेदन लिए जा रहे हैं, लेकिन उनका व्यावहारिक समाधान न होने से ग्रामीण और किसान मायूस होकर लौट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सत्तासीन सरकार सुशासन के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। मंत्री और नेता शिविरों में खोखले वादे कर रहे हैं, जिससे परेशान होकर आम जनता अब अपने अधिकारों के लिए सडक़ की लड़ाई लडऩे को मजबूर है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते किसानों को पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद, उन्नत बीज और नियमित बिजली प्रदान नहीं की गई, तो किसान और आम जन एक व्यापक जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट