बलौदा बाजार

दिवंगत प्रधान पाठक के परिवार को 10 लाख की इंश्योरेंस राशि मिली
09-Jun-2026 3:44 PM
दिवंगत प्रधान पाठक के परिवार को 10 लाख की इंश्योरेंस राशि मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 जून। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए जनवरी 2026 से लागू की गई सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत एक हितग्राही परिवार को इंश्योरेंस राशि का चेक प्रदान किया गया है। विकासखंड बलौदाबाजार के अंतर्गत पंडित चक्रपाणि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत सेवा राम वर्मा का 12 फरवरी 2026 को सेवाकाल के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया था।

शासन की इस योजना के तहत शासकीय सेवा में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के लिए इंश्योरेंस का प्रावधान है, जिसे मृतक के नामांकित सदस्य (नॉमिनी) को संबंधित बैंक द्वारा दुर्घटना में मृत्यु होने पर एक करोड़ व सामान्य मृत्यु होने पर 10 लाख की राशि दी जाती है।

दिवंगत प्रधान पाठक सेवा राम वर्मा का सैलरी पैकेज खाता भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक बलौदाबाजार शाखा में संचालित था। इसी योजना के तहत उनकी पत्नी लक्ष्मी वर्मा को 10 लाख की इंश्योरेंस राशि का चेक सौंपा गया।

यह चेक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदाबाजार में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के. एस. मेरावी की उपस्थिति में बैंक प्रबंधक नितिन गिरी गोस्वामी एवं राजन कुमार द्वारा प्रदान किया गया।

इस अवसर पर  लक्ष्मी वर्मा (दिवंगत शिक्षक की पत्नी), पदमनी वर्मा (दिवंगत शिक्षक की सुपुत्री), शिक्षा विभाग से ऋतु शुक्ला, एम. एल. साहू, अरुण वर्मा, रुपेश कमल, रमेश कुमार साव, नवीन वर्मा एवं कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत लाभ केवल उन्हीं अधिकारी-कर्मचारियों के परिवार को प्राप्त होता है, जिन्होंने अपने बैंक खाते को सैलरी पैकेज खाते में परिवर्तित करा लिया है।


अन्य पोस्ट