बलौदा बाजार

जर्जर भवन: एक साल से प्राथमिक शाला में संचालित हो रहा करदा का हाई स्कूल
07-Jun-2026 4:14 PM
जर्जर भवन: एक साल से प्राथमिक शाला में संचालित हो रहा करदा का हाई स्कूल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 जून। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन तहसील के अंतर्गत ग्राम करदा का हाई स्कूल भवन जर्जर होने के कारण पिछले एक सत्र से बंद है। सुरक्षा कारणों से हाई स्कूल (कक्षा 9वीं और 10वीं) का संचालन वर्तमान में स्थानीय प्राथमिक/मिडिल शाला भवन में किया जा रहा है। 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने वाली है, जिसे देखते हुए शाला विकास समिति और ग्राम पंचायत ने प्रशासन से भवन की मरम्मत कराकर इसे पुन: शुरू करने की मांग की है।

इस हाई स्कूल भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2014 में शुरू हुआ था और यह वर्ष 2022 में लगभग ?96 लाख की लागत से तैयार हुआ था। यह स्कूल कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए स्वीकृत किया गया था, परंतु यहाँ 11वीं और 12वीं की कक्षाएं शुरू नहीं की जा सकीं।

 निर्माण के दो वर्ष बाद ही भवन के प्लास्टर और छत के हिस्से टूटने लगे। इंजीनियरों द्वारा भवन की मौजूदा स्थिति का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से कक्षाओं को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की अनुशंसा की गई थी।

 वर्तमान में इस परिसर का शौचालय और टैंक क्षतिग्रस्त है। परिसर में पेयजल के लिए बोर खनन कराया गया था, लेकिन पानी न निकलने के कारण जल व्यवस्था प्रभावित है।

 शिफ्ट प्रणाली से

प्रभावित हो रही है पढ़ाई

स्थानीय ग्रामीणों और पालकों के अनुसार, भवन की अनुपलब्धता के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।  सुबह की पाली में प्राथमिक स्कूल के बच्चों की कक्षाएं संचालित होती हैं।  दूसरी पाली में कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ही परिसर में दो स्कूलों का संचालन होने और समय सीमित होने के कारण पाठ्यक्रम और पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

शाला विकास समिति हाई स्कूल करदा के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया-हमने कलेक्टर जनदर्शन और सुशासन तिहार सहित विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर आवेदन देकर हाई स्कूल भवन की मरम्मत कराने और स्कूल को वापस वहां स्थानांतरित करने की मांग की है। पिछले सत्र की तरह इस साल भी बच्चों को शिफ्ट में पढऩा पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्राम पंचायत करदा की सरपंच ईटवारा बाई पैक रा ने बताया कि भवन के अनुपयोगी और असुरक्षित होने के कारण हाई स्कूल का संचालन प्राथमिक शाला भवन में कराया जा रहा है। हमने मुख्य सचिव, जिला शिक्षा अधिकारी और सुशासन तिहार में आवेदन देकर भवन के सुधार की मांग की है, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।

कृष्ण कुमार नागेश (प्रभारी, हाई स्कूल करदा का कहना है कि  हाई स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए मिडिल/प्राथमिक स्कूल में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। स्कूल में वर्तमान में पेयजल की भी समस्या है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और सुशासन तिहार के माध्यम से भवन की मरम्मत के लिए आवेदन भेजा गया है।


अन्य पोस्ट