बलौदा बाजार

रामसागर तालाब निर्माण में अनियमितता का आरोप
01-Jun-2026 3:48 PM
रामसागर तालाब निर्माण में अनियमितता का आरोप

बलौदाबाजार, 1 जून। नगर के ऐतिहासिक रामसागर तालाब में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं खुदाई कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया हैं। नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद शेख सलमान ने निर्माण कार्य में अनियमिताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शिकायत सौंपकर तकनीकी जांच की मांग की हैं।

शिकायत में कहां गया है कि तालाब में किया जा रहे कांक्रीट निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक क्योरिंग नहीं की जा रही हैं।  निर्माण के बाद पर्याप्त पानी का छिडक़ाव नहीं होने से कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो रही हैं, जिससे भविष्य में निर्माण के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ सकती हैं।

उन्होंने संबंधित एजेंसी और गतिविधियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।  तालाब की खुदाई को लेकर भी आपत्ति जताई गई हैं। निर्धारित आवश्यकता से अधिक गहरी खुदाई की गई हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि इसी प्रकार खुदाई जारी रही तो तालाब की मूल संरचना प्रभावित हो सकती हैं। इससे भविष्य में जल संरक्षण व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे के साथ तालाब के सूखने का खतरा भी बढ़ सकता हैं। शेख सलमान ने कहा कि रामसागर तालाब नगर की ऐतिहासिक पहचान और महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इसके संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर  दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की मांग की हैं। शिकायत सौंपने के दौरान पार्षद अंजनी गोविंदा, श्रद्धा मनीष वर्मा, सुरेश घृतलहरे, डिगेश्वरी रविंद्र नामदेव और ममता आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट