बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 मई। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा नियमों के विरुद्ध संचालित निजी क्लीनिकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में शनिवार को रिसदा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक क्लीनिक को सील कर दिया, जबकि दूसरे क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी कर संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी क्लीनिक बिना वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने रिसदा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवदीप बांधे और तहसीलदार निवेश कोरेटी के नेतृत्व में टीम ने दो संस्थानों पर वैधानिक कार्रवाई की।
जांच टीम सबसे पहले ऋषभ क्लीनिक पहुंची। दस्तावेजों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्लीनिक के पास संचालन के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस मौजूद नहीं था, इसके बावजूद वहाँ मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और तत्काल प्रभाव से क्लीनिक को सील कर दिया।
इसके बाद संयुक्त टीम ने कबीर क्लीनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान निम्नलिखित कमियां पाई गईं- निरीक्षण के समय क्लीनिक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपूर्ण पाए गए। जांच के समय मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था।
टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार करते हुए क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमानुसार पंजीकरण प्राप्त किए बिना क्लीनिक का संचालन नहीं किया जा सकता। संचालक को सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर विधिवत पंजीयन कराने के बाद ही पुन: संचालन शुरू करने की समझाइश दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नियमों की अनदेखी पर सख्त रुख अपनाया जाएगा। जिले भर में संचालित निजी क्लीनिकों, नर्सिंग होम और स्वास्थ्य संस्थानों की जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत रिसदा के सरपंच गंगाराम साहू सहित स्थानीय फील्ड स्टाफ और राजस्व व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


