बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 मई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की सुहेला तहसील के ग्राम खपराडीह में शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर माहौल गरमा गया है। गांव के सैकड़ों ग्रामीण अब खुले तौर पर अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाजार चौक स्थित सरकारी भूमि गांव के विकास कार्यों के लिए सुरक्षित है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा वहां कब्जा कर निर्माण सामग्री और अन्य सामान रख दिए जाने से विकास योजनाएं अटक गई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक विवादित भूमि पर समुदाय भवन, सोसायटी कार्यालय और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं बनाई जानी हैं। बताया जा रहा है कि समुदाय भवन निर्माण के लिए करीब साढ़े छह लाख रुपए की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके बावजूद जमीन खाली नहीं होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
पंचायत भवन में हंगामा
मामले की सुनवाई और मौका निरीक्षण लिए एसडीएम अतुल सेटे और तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पंचायत भवन में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और तीखी बहस शुरु हो गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन को पुलिस बल बुलाना पड़ा।
निर्दोष लोगों को भी नोटिस — ग्रामीणों का आरोप
कुछ ग्रामीणों ने प्रशासन पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिन लोगों का विवादित जमीन से कोई लेना-देना नहीं है, उन्हें भी अतिक्रमणकारी मानकर नोटिस जारी कर दिया गया। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि गांव के विकास के लिए सरकारी जमीन जरूर खाली कराई जाए, लेकिन गरीबों के आशियाने प्रभावित नहीं होने चाहिए।
700 हस्ताक्षरों के साथ सौंपा आवेदन
ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर एसडीएम कार्यालय में आवेदन सौंपा है। आवेदन में मांग की गई है कि केवल विकास कार्यों के लिए सुरक्षित शासकीय भूमि को ही अतिक्रमणमुक्त कराया जाए और कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष हो।
सरपंच और जनपद सदस्य ने भी उठाई मांग
सरपंच गजेंद्र वर्मा ने कहा कि गांव के विकास के लिए सरकारी जमीन खाली होना जरूरी है, ताकि समुदाय भवन और अन्य योजनाओं का लाभ लोगों को मिल सके। वहीं जनपद सदस्य भानु प्रताप वर्मा ने भी प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन बोला — मामला न्यायालय में विचाराधीन
प्रशासन का कहना है कि मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


