बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 मई। नगर विकास के तहत वार्ड क्रमांक 17 स्थित मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्यों के लिए निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस परियोजना के लिए राज्य प्रवर्तित योजना मद के अंतर्गत कुल 62.95 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसके बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। नगर पालिका द्वारा मुक्तिधाम में विकास कार्यों के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी। नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक टंकराम वर्मा से चर्चा कर राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।
विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत होने पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, वार्ड पार्षद सलमान शेख सहित नगर पालिका के सभी पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति आभार व धन्यवाद व्यक्त किया है।
मुक्तिधाम में होने वाले प्रमुख विकास कार्य
मोक्षधाम में बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों की कमी को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत परिसर में निम्नलिखित विकास कार्य निष्पादित किए जाएंगे-मुक्तिधाम परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए पाम ट्री (पौधे) लगाए जाएंगे। परिसर की सुरक्षा के लिए कंपाउंड वॉल (सीमा दीवार), नए दरवाजे और आवागमन को सुगम बनाने के लिए पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे।परिसर में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नए बोर का खनन कराया जाएगा। अंतिम यात्रा में आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए एक सर्वसुविधायुक्त प्रतीक्षालय, प्रसाधन (शौचालय), बैठने के लिए कुर्सियां और कचरा संग्रहण हेतु डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी। परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) सुनिश्चित की जाएगी और दीवारों पर सीमेंट कला (म्यूरल आर्ट) का कार्य कराया जाएगा।
परिजनों और नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन के अनुसार, अंतिम यात्रा में अपने परिजनों की अंत्येष्टि के लिए आने वाले लोगों को वर्तमान में प्रतीक्षालय, बैठक व्यवस्था, प्रसाधन और पेयजल की कमी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस उन्नयन कार्य के पूर्ण होने से यह मुक्तिधाम सर्वसुविधायुक्त हो जाएगा, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और अंतिम संस्कार की क्रियाएं सुविधापूर्ण ढंग से संपन्न हो सकेंगी। स्थानीय वार्ड वासियों ने इस विकासात्मक और संवेदनशील पहल की सराहना की है।


