बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 28 मई। भाटापारा नगर पालिका कार्यालय में मयूर शिशु मंदिर विद्यालय के पदाधिकारियों एवं मयूर परिवार के सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान विद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों, सामाजिक दायित्वों और नगर विकास में शैक्षणिक संस्थाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
इस बैठक के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्षों से लंबित 11,94,461/- रुपये (ग्यारह लाख चौरानवे हजार चार सौ इकसठ रुपये) की कर राशि का भुगतान चेक के माध्यम से नगर पालिका को किया गया। इस अवसर पर मयूर परिवार के अध्यक्ष अशोक बाजपेयी, उपाध्यक्ष रविन्द्र जैन एवं कोषाध्यक्ष विजय मल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस पहल के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस भुगतान से न केवल नगर के राजस्व संग्रह को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह नगर विकास और सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी देगा। नगर पालिका ने उम्मीद जताई है कि अन्य संस्थाएं भी इससे प्रेरणा लेकर अपने नागरिक दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा — समाज और संस्थाओं की सकारात्मक भागीदारी से ही विकास कार्यों को नई गति मिलती है। मयूर शिशु मंदिर विद्यालय द्वारा अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वर्षों से लंबित कर राशि का भुगतान किया जाना सराहनीय है। जब शैक्षणिक संस्थाएँ और सामाजिक संगठन अपने नागरिक दायित्वों के प्रति सजग होते हैं, तो नगर विकास की गति स्वत: तीव्र होती है। उन्होंने इस कदम को अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बताया।


