बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 26 मई। सुशासन तिहार के अंतर्गत भाटापारा नगर के रामसागर वार्ड में एक विशेष जनसंपर्क शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएँ एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
शिविर में आमजन से आत्मीय एवं खुले वातावरण में संवाद स्थापित किया गया। नागरिकों ने अपने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं सडक़, जल आपूर्ति, स्वच्छता, जल निकासी तथा सार्वजनिक अधोसंरचना से संबंधित समस्याएँ खुलकर रखीं। प्रत्येक आवेदन एवं सुझाव को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वरोजगार की विस्तृत जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई। पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया से पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने का एक अत्यंत प्रभावी एवं सार्थक माध्यम है। जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई समझौता नहीं होगा। आज रामसागर वार्ड के नागरिकों ने जो समस्याएँ एवं सुझाव रखे हैं, उन पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
आमजन की सहभागिता और उनके सुझावों के आधार पर हम क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हमारा यह दृढ़ संकल्प है कि शासन की प्रत्येक जनहितकारी योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक सरलता, समयबद्धता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुँचे। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूँजी है और उस विश्वास को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी।
इस अवसर पर सभापति गोविंद पटेल कुंजराम कोशले मनीष मिश्रा पार्षद बब्बू मंधान संतीश साहू बंटी टंडन,नरेंद्र यदु,चंद्रशेखर चक्रधारी,राजेश साहू दशरथ साहू पूर्व पार्षद व्यास यदु पूर्व एल्डरमैन राकेश मंधान नीरा साहू आयशा खान मधु सोनी समस्त विभाग के अधिकारी,कर्मचारी,वार्डवासी एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।


