बलौदा बाजार
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने दिखाई हरी झंडी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 मई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सहायता प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए नेक्स्ट जेन छत्तीसगढ़ डॉयल-112 सेवा का शुभारंभ किया गया है। रक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिले को कुल 12 हाईटेक डायल-112 वाहन, 2 हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट और 1 मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्राप्त हुई है। यह केवल वाहन सेवा नहीं, बल्कि एक एकीकृत प्रणाली है। कंट्रोल रूम से हर वाहन की लाइव लोकेशन मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे संकट के समय सबसे नजदीकी वाहन को घटनास्थल पर तुरंत भेजा जा सकेगा। वाहनों में स्मार्टफोन आधारित कम्युनिकेशन, जीपीएस ट्रैकिंग, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
जिले को मिली नई मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध अनुसंधान में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। इसके माध्यम से विशेषज्ञ टीम मौके पर ही प्रारंभिक साक्ष्य जुटा सकेगी, जिससे जांच की गुणवत्ता में सुधार होगा और अपराधियों को पकडऩे में आसानी होगी। अब पुलिस और आपातकालीन सहायता मिनटों में उपलब्ध होगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ गिधौरी, गिधपुरी और राजादेवरी जैसे दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के निवासियों को मिलेगा।
नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और स्ह्रस्-112 इंडिया ऐप के माध्यम से सहायता मांग सकेंगे।
सडक़ दुर्घटनाओं, अपराध, घरेलू हिंसा और आगजनी जैसी आपात स्थितियों में पुलिस तत्काल सहायता के लिए 24&7 उपलब्ध रहेगी।
प्रमुख थानों में तैनाती
ये हाईटेक वाहन गिधौरी, कसडोल, सिमगा, गिधपुरी, पलारी, सिटी कोतवाली, सुहेला, भाटापारा (शहर व ग्रामीण), राजादेवरी, हथबंद और लवन थानों में तैनात किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संकट की स्थिति में वे बिना झिझक 112 नंबर डायल करें। यह पहल जिले में स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा का वातावरण और मजबूत होगा।