बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 मई। नगर में अघोषित बिजली कटौती और समय पर सुधार न होने जैसी समस्याओं को लेकर नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त की है। नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महाले और नेता प्रतिपक्ष शेख सलमान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के सुप्रीडेंटेंड ऑफ इंजीनियर जे.पी. अनंत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने विभाग को निम्नलिखित समस्याओं से अवगत कराया- नगर में बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। छोटी तकनीकी खराबी (जैसे डीओ गिरना) के बावजूद घंटों बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाती। शिकायत के लिए फोन करने पर कर्मचारियों द्वारा कॉल रिसीव न करने की समस्या भी उठाई गई। रात-रात भर कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और घरों की बिजली बंद रहने से भीषण गर्मी व उमस में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने विभाग से मांग की है कि समस्या के त्वरित समाधान के लिए विभाग अपनी नियमित सुधार टीम (मेंटेनेंस टीम) की संख्या बढ़ाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। इस चर्चा के दौरान पार्षद प्रतिनिधि सुभाष राव, गोविंद पात्रे और युवा नेता हेमंत ठाकुर, रवि साहू व शमीम खान मौजूद रहे। विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुधार का आश्वासन दिया है।


