बलौदा बाजार

दक्षिण कौशल कप: ब.बाजार पुलिस टीम ने मारी बाजी
19-May-2026 9:30 PM
दक्षिण कौशल कप: ब.बाजार पुलिस टीम ने मारी बाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 मई। बिलासपुर के सरकंडा मैदान में छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट  ‘दक्षिण कौशल कप 2026 ’ का खिताब बलौदाबाजार पुलिस टीम ने जीत लिया है।

यह प्रतियोगिता 27 अप्रैल से आयोजित की गई थी, जिसमें 20 जिलों के विभिन्न शासकीय विभागों, निजी एवं संविदा कर्मचारियों की 48 टीमों ने भाग लिया था। बलौदाबाजार पुलिस टीम ने लीग मैचों में बिलासपुर पुलिस बी, सी, शिक्षा विभाग मस्तूरी और बलरामपुर की टीम को तथा सेमीफाइनल में जल संसाधन विभाग बिलासपुर को परास्त कर फाइनल में प्रवेश किया था।

बलौदाबाजार पुलिस टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 80 रन बनाए। टीम के लिए कमलेश मरावी, भूपेंद्र वर्मा और त्रिलोक चंद्र साहू ने बल्लेबाजी की। जवाब में बिलासपुर पुलिस टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुँच सकी। बलौदाबाजार के द्वारिका साहू, प्रीतम पाटले और नंद किशोर वर्मा ने गेंदबाजी की।

विजेता टीम  बलौदाबाजार पुलिस को 1,00,000 रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। मैन ऑफ द मैच आरक्षक द्वारिका साहू को एलसीडी टीवी प्रदान किया गया। बेस्ट बॉलर आरक्षक त्रिलोकचंद साहू को रेंजर साइकिल और कप प्रदान किया गया।  18 मई को पुलिस कार्यालय, बलौदाबाजार में पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने टीम के खिलाडिय़ों से भेंट की और उन्हें बधाई दी।

पुलिस अधीक्षक ने राज्य भर की विभिन्न विभागों की टीमों को हराकर फाइनल जीतने पर टीम के प्रदर्शन की जानकारी ली।


अन्य पोस्ट