बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 मई। लवन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाहौद स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान में दो दिन पूर्व हुई मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों ने लवन थाने में ज्ञापन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार, शराब दुकान के कर्मचारियों पर निर्धारित दर से अधिक मूल्य (ओवर रेट) पर शराब बेचने का आरोप है। इस बात का विरोध करने पर दुकान के कर्मचारियों ने शराब खरीदने आए दो युवकों को एक कमरे में बंद कर दिया था। सूचना मिलने पर जब युवकों के परिजन उन्हें छुड़ाने पहुंचे, तो कर्मचारियों के मना करने पर विवाद हुआ। इसके बाद परिजनों ने दुकान के भीतर जाकर युवकों को बाहर निकाला और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घटना के बाद शराब दुकान के कर्मचारियों की शिकायत पर लवन पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। लाहौद गांव के निवासियों ने लवन थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने शराब दुकान के कर्मचारियों को बदलने और दुकान से जुड़े चखना सेंटरों को हटाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण वहां से वापस लौटे।


