बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 मई। ग्राम अर्जुनी स्थित एक ईंट भ_े में मजदूरी भुगतान को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़त मजदूर की शिकायत पर भाटापारा ग्रामीण थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अर्जुनी निवासी एक मजदूर ने ईंट भ_ा संचालक टीकाराम वर्मा के यहां परिवार सहित लगभग चार माह तक काम किया था। मजदूर का आरोप है कि उसकी करीब 10 हजार रुपये मजदूरी बकाया थी। उसने कई बार भुगतान की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार, 15 मई को मजदूर अपनी मां, भाई और बहू के साथ हिसाब-किताब और सामान लेने ईंट भ_े पहुंचा था। इस दौरान कथित रूप से विवाद हुआ और मारपीट की घटना हुई। पीडि़त ने आरोप लगाया कि उसे बांस के डंडे से मारा गया, जिससे हाथ और पैर में चोट आई है।
पीडि़त परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव किया।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्रक्रिया जारी है।


